संचारी रोग के बारे में जागरूक करतीं स्वास्थ्य कर्मी।
गौरीगंज (अमेठी)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर दस्तक अभियान में चलने वाले विशेष अभियानों की हकीकत को आईना दिखाने के लिए काफी है। आलम यह है कि संचारी रोग नियंत्रण माह के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत नौ दिनों में 1,842 टीमें महज 381 मरीज खोज सकी हैं।
स्वास्थ्य विभाग 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक घर-घर दस्तक अभियान चला रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य टीमें निर्धारित बिंदुओं के अनुसार सर्वे कर गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को चिन्हित कर उनका उपचार कराने की कवायद में जुटी हैं। दस्तक अभियान में लगी 1,842 टीमों का दावा है कि 17 अप्रैल से 25 अप्रैल तक (नौ दिनों) मेंं उन्होंने लक्षित कुल 3,51,986 घरों के सापेक्ष 2,15,934 घरों का सर्वे कर लिया है। टीम को 288 बुखार, 88 जुकाम व सर्दी तथा क्षय रोग के लक्षण के पांच मरीज मिले हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण माह अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। संचारी रोग से ग्रसित मरीजों को सूचीबद्ध करते हुए उनके उपचार की व्यवस्था कराई जा रही है।