- 27 नर्सरी में तैयार हो रहे 59.64 लाख पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज (अमेठी)। धरा को हरा-भरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए आगामी वर्षा काल में 21.40 लाख पौधे रोपे जाएंगे। पौध रोपण अभियान सफल हो, इसके लिए 27 नर्सरी मेें 59.64 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। शासन से लक्ष्य मिलने के बाद वन विभाग गड्ढों के साथ अन्य तैयारियां पूरी करने में जुटा है।
जिले में वनाच्छादित क्षेत्र बढ़ाने के साथ हरा-भरा बनाने के लिए प्रति वर्ष पौध रोपण किया जाता है।
जुलाई माह में जिले में वृहद पौध रोपण अभियान संचालित होगा। शासन से आगामी वर्षाकाल में लक्ष्य निर्धारित नहीं होने के बावजूद विभाग 21 लाख 40 हजार पौधे रोपित करने की तैयारी में जुटा है। अभियान सफल हो इसके लिए गौरीगंज क्षेत्र में 3.85 लाख, अमेठी में 4.70 लाख, मुसाफिरखाना में 6.17 लाख तथा तिलोई क्षेत्र में 6.64 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।
आगामी एक जुलाई से शुरू होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान के लिए वन विभाग इन तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। वन विभाग की 27 पौधशालाओं में छायादार, फलदार व फूलदार पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है। वन विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के अनुसार 59 लाख 64 हजार पौधों की नर्सरी तैयार करा रहा है। 2022 में जिले को 51 लाख तीन हजार 140 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। जिसमें से वन विभाग ने अकेले 27 लाख 43 हजार 188 पौधे रोपित कराए थे। शेष लक्ष्य अन्य विभागों ने मिलकर पूरा किया था। वन विभाग को इस वर्ष 21 लाख 40 हजार पौधे लगवाने हैं। इसके लिए चारों रेंज में गड्ढे खोदे जा रहे हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी डीएन सिंह ने बताया कि वन विभाग को 21 लाख 40 हजार पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। जिसके सापेक्ष 21 लाख 44 हजार गड्ढों की खोदाई का काम पूरा हो गया है। वर्षाकाल में पौध को रोपाई कर सुरक्षित करते हुए उन्हें तैयार कर जिले को हरा-भरा बनाया जाएगा।