अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है। गुरुवार रात जिला प्रशासन को मिली 1,675 की जांच रिपोर्ट में 13 लोगों को पॉजिटिव बताया गया है। डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
अलग-अलग तिथि में एंटीजन, ट्रूनॉट व आरटीपीसी विधि से लिए गए 1,675 सैंपल की रिपोर्ट जिला प्रशासन को गुरुवार देर रात मिली। रिपोर्ट में 13 स्थानीय नगारिकों को पॉजिटिव बताया गया है।
पॉजिटिव मिले लोगों में बाजार शुकुल ब्लॉक क्षेत्र के दो, जगदीशपुर के पांच तथा अमेठी, जामो, बहादुरपुर, सिंहपुर, तिलोई व गौरीगंज ब्लॉक क्षेत्र के एक-एक स्थानीय नागरिक शामिल हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित क्षेत्र में प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश गठित टीम को देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 2,781 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 2,551 सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 26 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 204 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।