पीपरपुर थाने में शिकायत सुनते अफसर। संवाद
अमेठी सिटी। जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान गौरीगंज थाने पहुंचे सराय भागमानी गांव के पूरे लोकई निवासी राजकरन ने अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने कहा कि घर तक जाने वाले रास्ते पर पड़ोसी ने खूंटा गाड़कर आवागमन रोक दिया है। रास्ता खुलवाने के लिए 11 बार से अधिक शिकायत कर चुके हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब आए दिन विवाद होता है। उन्होंने अधिकारियों से रास्ते पर हुए अतिक्रमण को हटवाकर आवागमन शुरू कराने की मांग की।
पीपरपुर के भेंवई निवासी शिव मिलन ने नायब तहसीलदार को दिए शिकायती पत्र में कहा कि गांव के कुछ लोगों ने सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर कब्जा कर रखा है। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। तहसील दिवस में शिकायत करने के बाद भी रास्ता कब्जामुक्त नहीं कराया गया। गडरियन का पुरवा निवासी ममता यादव ने चकरोड की पैमाइश के बाद भी निर्माण कार्य में बाधा डालने की शिकायत की। उनके मुताबिक कुछ लोग मिट्टी डालकर रास्ता बंद कर रहे हैं। विरोध करने पर परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने चकरोड का निर्माण पूरा कराने की मांग की।
मुंशीगंज थाने में शाहगढ़ के पलिया गांव निवासी रामप्रताप ने पट्टे की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया। उनके मुताबिक पौधरोपण के लिए मिली जमीन पर उन्होंने पेड़ लगाए हैं। अब गांव के कुछ लोग उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेखपाल से लेकर प्रशासन तक कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जमीन को कब्जामुक्त कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।