07 : अमेठी : संग्रामपुर में सामूहिक विवाह के लाभार्थियों को उपहार देते विधायक प्रतिनिधि।
- फोटो : AMETHI
भेटुआ/अमेठी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के भेटुआ व संग्रामपुर ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। सीएम विवाह के लिए पंजीकृत जोड़ों में से भेटुआ में 72 तो संग्रामपुर में 34 जोड़ों ने एक दूसरे के साथ सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंध गए। कार्यक्रम में नामित अफसरों के साथ जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विवाह संस्कार के लिए शुक्रवार को संग्रामपुर व भेटुआ ब्लॉक में वैवाहिक कार्यक्रम सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड बचाव के बीच आयोजित हुआ। योजना में अमेठी ब्लॉक क्षेत्र के 10, भेटुआ ब्लॉक क्षेत्र के 20, भादर विकास क्षेत्र के 22 तथा मुसाफिरखाना ब्लॉक के 16 लोगों का विवाह भेटुआ ब्लॉक परिसर में तो संग्रामपुर क्षेत्र के 34 लोगों का विवाह संग्रामपुर ब्लॉक परिसर में हुआ।
कार्यक्रम में चिह्नित जोड़ों को विवाह विद्वान पंडितों की ओर से कराए गए समस्त संस्कारों को पूरा करते हुए एक दूसरे के साथ सात फेरे लिए। शुक्रवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक भी अल्पसंख्यक वर्ग का लाभार्थी पंजीकृत नहीं था।
भेटुआ में भादर ब्लॉॅक प्रमुख प्रवीण सिंह तो संग्रामपुर में विधायक प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने नव दंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी जोड़ों के खाते में 35 हजार रुपये अंतरित करने के साथ ही विवाह का प्रमाण पत्र व 10 हजार रुपये कीमत का गिफ्ट दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को शासन के निर्देश पर जलपान व भोजन कराने के बाद विदा किया गया।