.अमेठी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल जोड़े।-संवाद
अमेठी। कहीं मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया गया तो कहीं निकाह की रस्म के साथ नई जिंदगी की शुरुआत हुई। देव मैरिज लॉन शिवनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 100 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 97 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से और तीन जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार कराया गया। समारोह में नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री दी गई।
कार्यक्रम में भादर विकासखंड के 36, भेंटुआ के 25, अमेठी के 34 और नगर पंचायत अमेठी के पांच जोड़े शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला समेत अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहायता देना और शादी के खर्च का बोझ कम करना है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को सामूहिक रूप से विवाह का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में डीसी मनरेगा शेर बहादुर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या, संबंधित खंड विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।