अमेठी। जनपद में अतिवृष्टि व ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को जिला प्रशासन जल्द ही आर्थिक सहायता मुहैया कराएगा। कवायद सफल हो सके इसके लिए तीन सदस्यीय टीम से नुकसान का आंकलन कराने में जुटे जिला प्रशासन ने अब तक चिह्नित दस हजार किसानों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए सचिव राहत को पत्र भेजकर पांच करोड़ रुपये आवंटित करने की मांग की है। पहले से मद में मौजूद करीब 41 लाख रुपये से एक-दो दिन में किसानों को सहायता राशि का वितरण शुरू किया जाएगा।
पिछले दिनों हुई बेमौसम बरसात व ओलावृष्टि से हजारों किसानों की रबी की तैयार फसल नष्ट हो गई थी। इस वजह से किसानों को होने वाली परेशानी को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन इन दिनों आर्थिक सहायता दिलाने की कोशिश में जुटा है। कवायद सफल हो सके इसके लिए डीएम अरुण कुमार ने एसडीएम, कृषि विभाग व कृषि वैज्ञानिक की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट तलब की है।
टीम प्रतिदिन प्रभावित गांवों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने में जुटी है। टीम की ओर से अभी तक दस हजार किसानों के प्रभावित होने की रिपोर्ट दी गई है। जिन किसानों के नुकसान का आंकलन जिला प्रशासन को मिल चुका है उन्हें जल्द सहायता राशि देने के लिए एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने सचिव राहत एवं बचाव को पत्र भेजकर पांच करोड़ रुपये आवंटित करने का अनुरोध किया है। धनावंटन की मांग के साथ जिला प्रशासन ने राहत व बचाव मद में पहले से मौजूद 41 लाख रुपये से एक-दो दिन में प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता का भुगतान शुरू करने की बात कही है।
एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए अपनी बैंक डिटेल व आधार कार्ड राजस्व लेखपाल या तहसील कार्यालय में जमा करने की अपील की है। एडीएम ने बताया कि किसानों के अभिलेख मिलने के बाद जल्द ही उनके खाते में आर्थिक सहायता राशि भेजी जाएगी।
एडीएम ने बताया कि अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की फसल का आंकलन कराया जा रहा है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर नष्ट फसल के आधार पर किसानों को प्रति हेक्टेयर न्यूनतम एक हजार रुपये या अधिकतम 13,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।