अमेठी। गुजरात के विभिन्न जिलों में फंसे प्रदेश के 1,222 लोगों को लेकर स्पेशल ट्रेन गुरुवार दोपहर बाद अमेठी पहुंची। रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य टीम ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। जांच के बाद डीएम-एसपी व अन्य अफसरों की देखरेख में सभी को रोडवेज की 42 बसों पर बैठाकर उनके जिलों के लिए रवाना किया गया। गुजरात के विभिन्न जिलों में फंसे लोगों को अहमदाबाद स्थित साबरमती रेलवे स्टेशन से लेकर बुधवार को रवाना हुई 24 डिब्बों (18 द्वितीय श्रेणी स्लीपर कोच, चार जनरल कोच व दो मालवाहक कोच) की ट्रेन गुरुवार दोपहर बाद अमेठी पहुंची।
ट्रेन से आए 39 जिलों के 1,222 श्रमिक रेलवे स्टेशन पर उतरे। स्टेशन पर बनाए गए 12 काउंटर पर सभी के नाम, पते व मोबाइल नंबर के साथ जरूरी सूचनाएं नोट की गईं। इसके बाद काउंटर पर मौजूद स्वास्थ्य टीमों ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। जरूरी जांच पड़ताल व थर्मल स्क्रीनिंग के बाद श्रमिकों को पहले से आरक्षित रोडवेज की 42 बसों से उनके जिलों के लिए रवाना किया गया।
व्यवस्था में कोई गड़बड़ नहीं हो इसके लिए सुबह से डीएम अरुण कुमार, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी दयाराम, एसडीएम योगेंद्र सिंह व सीओ पीयूषकांत राय रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटे रहे। रेलवे स्टेशन पर विभाग से जुड़ी तैयारियों में कोई कमी नहीं हो इसके लिए रेल यातायात निरीक्षक प्रतापगढ़, सीएमआई प्रतापगढ़, ईएन रायबरेली, सहायक मंडल अभियंता एसएससी रायबरेली व अमेठी के स्टेशन अधीक्षक शहबाज मोहम्मद लगे थे। यह सभी अफसर लगातार व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
साबरमती से आई स्पेशल ट्रेन से अमेठी पहुंचने वालों में अमेठी जिले के 282, आगरा के 75, अलीगढ़ के एक, मैनपुरी के 19, फिरोजाबाद के चार, मथुरा के 23, कासगंज के 16, कानपुर व लखनऊ के 10-10, औरैया के 15, इटावा के 48, रायबरेली के 53, लखीमपुर के दो, झांसी का एक, जालौन के चार, हमीरपुर के दो, बांदा के 14, अयोध्या के 62, सुल्तानपुर के 37, अंबेडकरनगर के 21, बाराबंकी के दो, प्रयागराज के दो, फतेहपुर के 20, कौशांबी का एक, वाराणसी के 77, गाजीपुर के तीन, जौनपुर के 13, मिर्जापुर के 14, सोनभद्र के पांच, शाहजहांपुर के 12, गोरखपुर के 46, कुशीनगर के 16, महराजगंज के 19, आजमगढ़ के 42, बलिया के 12, गोंडा के आठ, श्रावस्ती के चार, बस्ती के नौ, सिद्धार्थनगर के 57 व अन्य जिलों के 161 यात्री शामिल रहे।
देश के अलग-अलग प्रांतों के लोगों को ट्रेन से उनके घर भेजने के दौरान यात्रियों से किराया नहीं लेने के केंद्र सरकार के दावों का यात्रियों ने भंडाफोड़ कर दिया। ट्रेन से आए जिले के यात्री रमेश कुमार, जसकरन, ऊषा देवी, धर्मराज के अलावा अंबेडकरनगर के बृजलाल व आजमगढ़ के विजयनाथ ने कहा कि ट्रेन आने के एक दिन पहले प्रशासन ने कुछ लोगों से 600 तो कुछ से 650 रुपये (600 रुपये का टिकट) जमा कराए।
इसके बाद बुधवार को साबरमती रेलवे स्टेशन पर उन्हें टिकट के साथ एक बोतल पानी दिया गया। यात्रियों का कहना था कि कहे जाने के बावजूद उन्हें रास्ते में कहीं भोजन या नाश्ता नहीं दिया गया। गुजरात से आए श्रमिकों से टिकट का पैसा लिए जाने के मामले में कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने गंभीर आरोप लगाया है। डीएम अमेठी को गुरुवार को भेजे पत्र में दीपक सिंह ने लिखा है कि श्रमिकों से किराया गुजरात भाजपा की मध्यस्थता में लिया गया। उन्होंने डीएम से जिले के सभी 282 श्रमिकों की सूची यह कहते हुए मांगी है कि कांग्रेस इन लोगों से मिलकर उनसे लिए गए किराए का भुगतान करेगी।