अंबेडकरनगर में रास्ते से हटने को लेकर शुरू हुए विवाद में आरोपियों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला। जबकि, उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के अंबेडकरनगर में रास्ते से हटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन
घटना सम्मनपुर थाना क्षेत्र के लखनिया गांव की है। बताया गया कि मूल रूप से शरीफपुर निवासी साहिल (22) अपने साथी जमशेद के साथ शनिवार देर रात लखनिया बाजार से दूध लेकर घर लौट रहा था। पंचायत भवन के पास कुछ युवकों से रास्ते से हटने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
सिर में गंभीर चोट लगी
मारपीट के दौरान साहिल के सिर में गंभीर चोट लग गई। साथी जमशेद भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही
वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद साहिल को मृत घोषित कर दिया। जबकि, जमशेद का उपचार चल रहा है। सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी ने बताया कि रास्ते से हटने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। इसमें एक युवक की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ जारी है।