अंबेडकरनगर। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इब्राहिमपुर कोतवाली क्षेत्र के मदारपुर निवासी संतोष कुमार मिश्र (27) सोमवार देर शाम खेत में सिंचाई के बाद बाइक से घर लौट रहा था। चितवई गांव के निकट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसी कोतवाली क्षेत्र के केदारनगर निवासी रामजनम (45) मंगलवार को बाइक से टांडा जाते समय नगर के पास जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बेवाना निवासी विमला देवी (50) अपने पुत्र के साथ बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय बेवाना के निकट सामने से आ रही बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गईं।
अहिरौली थाना क्षेत्र के कटेहरी निवासी समीना खातून (32) अकबरपुर बस स्टेशन के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सुड़ारी निवासी रामसेवक (55) बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए।
मालीपुर निवासी अरविंद (21) सोमवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय बाजार के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।