अंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्रोें मेें हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के खानूपुर गांव निवासी संजय यादव (35) शनिवार देर शाम हजपुरा से बाइक से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह गांव के निकट पहुंचा, तभी सामने से जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते हुए आगे निकला। इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। इससे संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोसाईगंज निवासी विजय कुमार (32) रविवार को बाइक से अकबरपुर जाते समय खेमापुर मोड़ के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अरिया निवासी जगदीश (65) रविवार को उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के पास सड़क पार कर रहे थे।
इसी कोतवाली क्षेत्र के सिझौली निवासी शमीम (31) बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। मालीपुर निवासी राजितराम (46) शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय बाजार के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।