अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार की शाम बकरी चराने गया युवक तालाब में नहाने के दौरान डूब गया। जब तक परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी शिवनाथ का पुत्र बिपिन (18) शनिवार की शाम गांव के बाहर बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह वहां स्थित तालाब में नहाने लगा। बताया जाता है कि इसी बीच उसका पैर फिसल गया, जिससे वह तालाब में डूब गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा, तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। जब वे तालाब के किनारे पहुंचे तो वहां बेहोशी की दशा में बिपिन दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से आननफानन में उसे तालाब से बाहर निकाला गया। सांस चलने की उम्मीद में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।