अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हंसवर थाना क्षेत्र के जल्लापुर साबुकपुर गांव निवासी अरविंद (24) व सचिन (28) आलापुर स्थित रिश्तेदारी में गए हुए थे। बुधवार देर शाम वे दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वे मूसेपुर गांव के पास पहुंचे, तभी उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने घायल सचिन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना अंतर्गत दोस्तपुर निवासी शांतिदेवी (45) गुरुवार को सुबह घर के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। महरुआ थाना क्षेत्र के हीड़ी पकड़िया गांव निवासी शेषमणि (65) सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोसाईगंज निवासी अभिषेक (25) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
आलापुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी कुसुम (50) बुधवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। उधर, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के राबीबहाउद्दीनपुर गांव निवासी सभाजीत (60) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।