श्रवण धाम में जीत का जश्न मनाते युवा।
श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। एशिया कप में भारत की एतिहासिक जीत के बाद देर रात को शहर की सड़कों पर जबरदस्त जश्न का माहौल रहा। बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर जीत का जश्न मनाने के लिए उतरे। टीम इंडिया की जीत पर समर्थकों ने जमकर ढोल बजाए और आतिशबाजी की। समर्थकों ने कहा कि टीम इंडिया ने उन्हें दीपावली से पहले ही तोहफा दे दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली खिताबी जीत है।
क्रिकेट प्रेमी अमन कुमार ने श्रवण धाम में अपने सहयोगी साथियों के साथ केक काटकर भारत के ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। उन्होंने बताया कि इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड नौंवी बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की और एक बार फिर साबित कर दिया कि एशियाई क्रिकेट में उसका दबदबा कायम है। सुनील मिश्रा का कहना है कि तिलक वर्मा ने एशिया कप के खिताबी मुकाबले में अपने प्रदर्शन से जीत दिलाकर पूरे भारत का सम्मान बढ़ाया है। इस दौरान जयनारायण, पंकज मिश्रा, राजन पांडेय, सर्वेश सिंह, देवेंद्र कुमार, शैलेंद्र यादव, राजू यादव, अंकित वर्मा, दीपक वर्मा, विकास वर्मा व अन्य मौजूद रहे।