कोलकाता रेलवे पुलिस ने युवक को किया बरामद।
अंबेडकरनगर। अल्जीरिया से घर लौटते समय लापता हुआ थाना क्षेत्र कटका के रतना पलया गांव निवासी युवक कोलकाता के विधाननगर रेलवे स्टेशन के निकट शुक्रवार देर शाम बेहोशी की हालत में मिला। जीआरपी से मिली जानकारी के बाद परिजन उसे लेने के लिए कोलकाता रवाना हो गए।
गांव स्थित ऊषा देवी के परिवार में शुक्रवार शाम कोलकाता से आए एक फोन ने खुशी बिखेर दी। यह फोन कोलकाता के विधाननगर रेलवे स्टेशन के जीआरपी प्रभारी का था। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के निकट एक युवक बेहोशी की हालत में मिला है। तलाशी लेने पर उसके पास से जो कागजात मिले हैं उसमें उसका नाम कमलेश है। डायरी में अंकित फोन नंबर के आधार पर ही फोन कर सूचित किया जा रहा है। यह सुनते ही पत्नी ऊषा व परिवार के अन्य सदस्यों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
22 अक्तूबर को थाना क्षेत्र कटका के रतना पलया निवासी ऊषा देवी ने सीओ जलालपुर को दिए एक शिकायती पत्र में बताया था कि देकर कहा कि उनके पति कमलेश अल्जीरिया में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। 18 अक्तूबर को हुई बातचीत में उन्होंने बताया था कि वह 19 अक्तूबर को घर आ रहे हैं। उसकी फ्लाइट दिल्ली तक है। इस पर परिजन उसे लेने के लिए दिल्ली गए लेकिन वह दिल्ली में नहीं मिले।