अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर के इल्तिफातगंज में एक युवक पिछले वर्ष लापता हो गया था। मामले में युवक की मां ने अपने दामाद और बहू पर अपहरण कर हत्या करवाने की आशंका जताई है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इल्तिफातगंज की हाजिरा बानो ने कोर्ट को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसका पुत्र अजमल (35) अपने ननिहाल नई बाजार अकबरपुर 14 अगस्त 2024 को गया था। यहां वह अपने मित्र पल्ला व फिरोज आलम के साथ मंदिर के पीछे टहल रहा था। तभी एक एसयूवी से पहुंचे कुछ अज्ञात लोगों ने अजमल का अपहरण का लिया था। महिला को सूचना मिली तो वह दामाद सुफियान अहमद की बाइक से वहां पहुंची, लेकिन दामाद सुफियान और अजमल की पत्नी नाजिया ने दबाव बनाकर थाने पर सूचना देने से मना कर दिया था। महिला के मुताबिक 16 सितंबर 2024 को उसकी बेटी ने पति सुफियान और नाजिया को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। विरोध करने के बावजूद दोनों का संपर्क बना रहा। 19 अप्रैल 2025 को दोनों बस्ती जिले के कुसौरा के एकता होटल में एक साथ ठहरते भी पाए गए थे।
लापता होने से पूर्व अजमल ने मुंबई स्थित खोली बेचकर मिले 80 लाख रुपये की राशि सुफियान को दी थी। जब महिला ने इस धन और अजमल की जानकारी मांगी तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली अकबरपुर में शिकायत करने पर भी उसे धमकाया गया था।आरोप है कि सुफियान और नाजिया ने ही उनके पुत्र का अपहरण करने के बाद हत्या कर शव कहीं ठिकाने लगा दिया। इसकी शिकायत पूर्व में थाने व एसपी से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी रितेश पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।