अकबरपुर रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट के लिए लाइन में खड़े लोग।-संवाद
अंबेडकरनगर। गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। इस दौरान लोग सैर सपाटे के लिए खूब निकल रहे हैं। ज्यादातर ट्रेनों में शनिवार को मुंबई और दिल्ली की वेटिंग लिस्ट काफी लंबी रही। कुछ गाड़ियों में तो नो रूम की स्थिति रही। सबसे ज्यादा मारामारी महानगर स्टेशनों की ओर जाने वाली गाड़ियों में बनी हुई है। इससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।
भीषण गर्मी में सैर सपाटे के लिए लोग महानगरों या हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं। लेकिन, ट्रेनों में उन्हें जगह नहीं मिल पा रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि गाड़ी संख्या 13151 जम्मू तवी एक्सप्रेस, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस, 19166 अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस में 30 जून तक नो रूम की स्थिति है। इन गाड़ियाें में वेटिंग टिकट तक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में एक-एक सीट के लिए खींचातनी मची हुई है। लोगों को तत्काल का सहारा भी नहीं मिल पा रहा है। कई गाड़ियों में तो रेलवे विशेष कोटा भी नहीं दे पा रहा है। कटेहरी की रहने वाली रुचि कोलकाता एक्सप्रेस का टिकट लेने के लिए आई थीं, लेकिन वेटिंग टिकट भी नहीं मिल सका। साबरमती का टिकट लेने के लिए आए शहजादपुर निवासी आशीष ने बताया कि काउंटर पर टिकट नहीं मिला है, पूछने बताया कि नो रूम है।
चढ़ने के लिए भी मारा मारी
गर्मी में जनरल से लेकर व स्लीपर बोगियां तक यात्रियों से खचाखच भरी हुई हैं। आलम यह है कि पैसेंजर पसीना पोंछते हुए सफर करने को मजबूर हैं। जिनके पास ट्रेन का कन्फर्म टिकट है, उनके लिए थोड़ी राहत है, लेकिन वेटिंग वाले यात्री खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। जनरल बोगियों में तो चढ़ने के लिए मारामारी मची हुई है।
गर्मी की छुट्टियों में भीड़ बढ़ने से मुश्किल
गर्मी की छुट्टियों के कारण ज्यादातार ट्रेनों में वेटिंग व नो रूम की स्थिति बनी हुई है। इससे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। -पलटूराम, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक