फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: जमीन के लालच में युवक की हत्या

विज्ञापन
 हत्यारोपित सोनी शुक्ला और भतीजा अनिरूद्ध शुक्ला। मीडिया सेल
विज्ञापन
अंबेडकरनगर/जलालपुर। मालीपुर क्षेत्र के तेंदुआ दियरा गांव में अजय कुमार शुक्ला उर्फ गब्बर (45) की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उनका खून से लथपथ शव निर्माणाधीन मकान में मुख्य चैनल गेट के पास तख्त पर मिला। गले में गमछा कसा था और सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। पैर के अंगूठे में बिजली का तार लगाया गया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। पुलिस के मुताबिक, हत्या को हादसे का रूप देने के लिए ऐसा किया गया था।
विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही एसपी प्राची सिंह और सीओ अनूप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीन पुलिस टीमों का गठन किया। बहन उर्मिला देवी की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, जमीन के लालच में अजय की हत्या की साजिश उनके बड़े भाई राजेश शुक्ला ने रची थी। इसमें राजेश की पत्नी सोनी शुक्ला और उसका भतीजा अनिरुद्ध शुक्ला शामिल थे। पुलिस ने सोनी और अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राजेश की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, अनिरुद्ध 17 अगस्त को अपनी मौसी सोनी के साथ गुजरात से गांव लौटा था। अगले दिन उसने अजय से मुलाकात की। 19 अगस्त की रात वह अजय को शराब पिलाने के बहाने नेमपुर घाट ले गया। वहां से लौटने के बाद नशे की हालत में अजय को किचन में ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया और फिर गमछे से गला घोंट दिया गया। अजय के अचेत होने के बाद उसे उठाकर तख्त पर लिटाया गया और पैर में बिजली का तार लगाकर करंट प्रवाहित किया गया, ताकि मौत को हादसा दिखाया जा सके। मौके से किचन में एक धारदार हथियार (टेंगरी) और चाकू मिला है। दोनों पर खून के निशान बताए गए हैं। ग्रामीणों ने पैर में लगा बिजली का तार हटाने के बाद पुलिस को सूचना दी थी।

दो बिस्वा जमीन बेचने के बाद हुई थी कहासुनी
अजय अविवाहित थे और गांव की आबादी से कुछ दूरी पर स्थित मकान में अकेले रहते थे। वह खेती-किसानी करते थे। उनकी मां अनारा देवी की करीब डेढ़ वर्ष पहले और पिता बैजनाथ शुक्ला की आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। बहन उर्मिला देवी के मुताबिक, अजय तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई राजेश शुक्ला परिवार के साथ सूरत में रहते हैं, जबकि दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, अजय ने करीब दो माह पहले अपने हिस्से की करीब दो बिस्वा जमीन बेच दी थी। इससे मिली रकम खर्च करने को लेकर परिवार में विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राजेश को आशंका थी कि अजय संपत्ति बेच देगा, जिस पर उसकी पहले से नजर थी। घटना से कुछ दिन पहले अजय का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। उनका मोबाइल फोन भी गायब था। पुलिस इन बिंदुओं को भी जांच में शामिल कर रही है।वर्जन
जमीन के लालच में अजय की हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में सोनी शुक्ला और अनिरुद्ध शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है। साजिश में शामिल बताए जा रहे राजेश शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन


- प्राची सिंह, एसपी

 हत्यारोपित सोनी शुक्ला और भतीजा अनिरूद्ध शुक्ला। मीडिया सेल

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें