महरुआ के सेहरा जलालपुर में मृतक के घर के बाहर रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : बोधि वृक्ष की पूजा करने जाते बौद्ध अनुयायी।
भीटी (अंबेडकरनगर)। महरुआ के सेहरा जलालपुर गांव के बाहर दूध विक्रेता अजय कुमार के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह शव घर से 200 मीटर दूर खड़ंजे के किनारे खेत में पड़ा मिला। एसपी प्राची सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों ने जांच पड़ताल की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। प्राथमिक जांच में एक रिश्तेदार से कहासुनी होने की बात सामने आ रही है।
चचेरे बड़े भाई राम नरेश के मुताबिक अजय कुमार (38) खेती के साथ ही पशुपालन कर दूध बेचने का काम करते थे। रविवार की रात आठ बजे दूध लेकर साइकिल से महरूआ पेट्रोल पंप के निकट स्थित डेयरी पर गए थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन खाना खाने के बाद सो गए। सोमवार की सुबह उठने पर अजय को घर में न देख उनकी पत्नी तारा देवी घबरा गईं। फोन करने पर मोबाइल भी बंद मिला। बेटे आकाश (12) व आदित्य (8) व परिवार के लोगों के साथ उनकी खोज में जुट गए। आसपास पूछताछ के बाद भी कुछ पता नहीं चला जिसके बाद अजय के दोनों बेटे गांव के बाहर की ओर गए और करीब 200 मीटर दूर खड़ंजे पर पिता की साइकिल खड़ी नजर आई।
दोनों जब वहां पहुंचे तो साइकिल से कुछ दूरी पर खेत में अजय का लहूलुहान शव देखकर चीख पड़े। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। अजय के सिर पर ईंट से प्रहार कर मौत के घाट उतारा गया था। एसपी प्राची सिंह, सीओ भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक और स्वाट टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। परिवार के लोगों ने पूछताछ में किसी रिश्तेदार से कहासुनी होने की बात बताई है। पुलिस अजय का मोबाइल बरामद उसकी डिटेज खंगाल रही है। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है।
टीमें कर रहीं जांच
हत्या के खुलासे के लिए चार टीमों को गठन किया गया है। अजय के मोबाइल की सीडीआर मंगवाई गई है। हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।
- हरेंद्र कुमार, एएसपी पश्चिमी