अंबेडकरनगर। बसखारी के अशरफपुर किछौछा स्थित दरगाह नई बस्ती रोड क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम युवक ने चार मंजिला मकान से छलांग लगा दी। युवक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मोहम्मद कासिफ (25) पुत्र मोहम्मद इदरीश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कासिफ अपनी मां नाजमा खातून, भाई मोहम्मद जाहिद और बहन कसीस बानो के साथ करीब डेढ़ महीने से दरगाह स्थित नेशनल लॉज गेस्ट हाउस में किराये का कमरा लेकर रह रहा था और दरगाह में इलाज करा रहा था। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे, जब उसकी मां, भाई और बहन कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान कासिफ चौथी मंजिल पर पहुंच गया और नीचे छलांग लगा दी।
नीचे गिरने से पहले वह बिजली के तारों पर जा गिरा और कुछ देर तक तारों में लटका रहा, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों ने तत्काल युवक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।