आलापुर (अंबेडकरनगर)। यूपी बोर्ड में 12वीं के विद्यार्थी भौतिक विज्ञान के पेपर में अधिक अंक हासिल तो करना चाहते हैं, लेकिन अधिकतर विद्यार्थी पूरा पेपर हल नहीं कर पाते हैं।परीक्षा से पहले विद्यार्थियों के मन में कई सवाल होते हैं, जैसे कौन-कौन से प्रमुख अध्याय पढ़ें। न्यूमेरिकल या भाषा का भाग किस तरह से तैयार करें। ऐसे में विषय विशेषज्ञों ने कुछ टिप्स बताएं हैं। इनकी मदद से तैयारी कर विद्यार्थी परीक्षा में अच्छे अंक ला सकते हैं।
पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रामनगर की शिक्षिका तसनीम कौसर ने बताया कि प्रमुख अध्यायों में प्रकाश, प्रत्यावर्ती धारा, विद्युत चुंबकीय प्रेरण, स्थिर विद्युतकीय, परमाणु एवं नाभिकीय आदि शामिल हैं। इन्हें पढ़कर ठोस तैयारी करनी चाहिए। बहुविकल्पीय, अति लघु व लघु उत्तरीय प्रश्नों के जवाब 35 मिनट में दे दें। फिर जो समय बचे, उसमें तीन व पांच अंकों वाले सवालों के जवाब दें। लेखन स्वच्छ हो, क्रमबद्ध जवाब दें। चित्र नामांकित और स्पष्ट होना चाहिए। मौखिकी के लिए बनाए गए चार्ट व मॉडल अच्छी तरीके से तैयार करें। इसे अपनी पसंद के शीर्षक पर ही बनाएं तो अच्छा होगा। आंकिक प्रश्नों को रटने की बजाय समझकर अभ्यास करना चाहिए।
एसएन इंटर काॅलेज इंदईपुर के प्रवक्ता मनोज तिवारी ने बताया कि परीक्षार्थी प्रकाश, प्रत्यावर्ती धारा अध्याय की ठोस तैयारी कर लें। इससे प्रश्नपत्र हल करने में काफी सहायता मिलेगी। परीक्षार्थी सबसे पहले निर्धारित कर लें कि हमें पढ़ना क्या है। फिर एक-एक अध्याय को पढ़ें। अनसॉल्व्ड पेपर को हल करें। पेपर के मुताबिक अपना समय प्रबंधन तय करें।
ऐसे करें तैयारी
आंकिक प्रश्नों को समझने की कोशिश करें।
विद्युत धारा, प्रकाशिकी, परमाणु जैसे अध्यायों पर ध्यान दें।
पिछले सालों के प्रश्नपत्र हल करें, प्रति दो घंटे का समय जरूर दें।
परीक्षा के दौरान हर सेक्शन के लिए समय तय करें।
न्यूमेरिकल सवालों पर ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करें।
वर्णनात्मक उत्तरों के साथ-साथ ग्राफिकल चित्र भी जोड़ें।
लिखावट अच्छी रखें और समय का भी ध्यान दें।