अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में प्लेट आने से चार दिनों से ठप सामान्य एक्स रे तो शुरू कर दिया गया। लेकिन डिजिटल एक्स रे अब तक शुरू नहीं हो सका है। डिजिटल एक्स रे न हो पाने से सामान्य एक्स रे पर मरीजों का लोड काफी बढ़ गया है। डिजिटल एक्स-रे वाले मरीजों को भी जैसे तैसे सामान्य एक्स-रे से काम चलाना पड़ रहा है। बता दें कि जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स रे की सुविधा प्लेट न होने से लंबे समय से ठप पड़ी है। लेकिन इसकी सुध जिला अस्पताल प्रशासन नहीं ले रहा है। इसका खामियाजा आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
शुक्रवार को एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए कुछ राहत भरा रहा। दरअसल प्लेट की उपलब्धता के बाद शुक्रवार को सामान्य एक्स रे का कार्य सुचारु रूप से हुआ। बताते चलें कि प्लेट न होने से लगभग एक माह से डिजिटल एक्स रे का कार्य पूरी तरह ठप है, वहीं लगभग चार दिन से प्लेट के अभाव में सामान्य एक्स रे भी नहीं हो पा रहा था। इसके कारण प्रतिदिन एक्स रे के लिए आने वाले मरीजों को जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। मजबूर होकर मरीजों को इस जांच के लिए निजी पैथोलॉजी में रकम खर्च करनी पड़ रही थी।
शुक्रवार को सुविधा शुरू होने के बाद एक्स रे के लिए बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। 55 से अधिक मरीजों का शुक्रवार को सामान्य एक्स रे किया गया। उधर तीमारदार रामआशीष व भानुमती ने डिजिटल एक्स रे न हो पाने से नाराजगी जताई। उनका कहना था कि एक माह से अधिक का समय बीत गया, लेकिन अब तक जांच शुरू नहीं हो सकी है।
प्लेट की उपलब्धता के बाद सामान्य एक्स रे शुक्रवार को सुचारु रूप से हुआ। डिजिटल एक्स रे के लिए भी प्लेट की मांग निदेशालय से की गई है। शीघ्र ही प्लेट आने की उम्मीद है। - डॉ. एसपी गौतम, सीएमएस