कटेहरी (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका अकबरपुर के शिव बाबा धाम परिसर में चल रहे श्रवण क्षेत्र महोत्सव में शुक्रवार को अखिल भारतीय विशाल दंगल का आयोजन किया गया। देश के कई प्रांतों से आए पहलवानों ने अपने दांवपेच आजमाए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष बृजेश मिश्रा व शहर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों व आयोजकों ने गोंडा के पहलवान भगवानदीन, बल्ला, कानपुर के राजेश टाइगर, बक्सर के बिजुली, अयोध्या के गोल्डन दास, झारखंड के गोल्डन दास, इलाहाबाद के अंचल, गोरखपुर के राहुल, बलिया के राहुल कुमार, अंबेडकरनगर के अनूप यादव व मध्य प्रदेश के स्वयंवीर से परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला स्थानीय पहलवान दुर्गेश और अंशू के मध्य हुआ। इसमें दुर्गेश पहलवान ने जीत दर्ज की। विनोद जायसवाल और विजय चौधरी के मध्य हुए मुकाबले में विजय ने जीत दर्ज की। एकलव्य स्टेडियम के आदित्य चौहान और अयोध्या के गोसाईगंज के दुर्गेश के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें आदित्य ने जीत दर्ज की। राहुल बागी बलिया और संतोष नंदिनी नगर गोंडा के मध्य काफी देर तक मुकाबला चला, इसके बाद भी मुकाबला बराबरी पर छूटा। स्टेडियम के सूरज और गोरखपुर के राहुल के मध्य हुए मुकाबले में राहुल ने जीत दर्ज की।
विजय चौधरी एकलव्य स्टेडियम और दिनेश पहलवान गोसाईगंज के बीच हुए मुकाबले में विजय ने अपना दबदबा कायम किया। गोल्डन पहलवान अयोध्या ने सोनवीर पहलवान मध्य प्रदेश को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। महेंद्र पहलवान कानपुर को भी गोल्डन पहलवान ने धूल चटाई।
भगवान दीन तुलसीपुर ने आंचल पहलवान कानपुर, आंचल पहलवान प्रयागराज को साेनू पहलवान झारखंड ने हराया। राहुल पहलवान बलिया और प्रांजल पहलवान एकलव्य स्टेडियम का मुकाबला बराबरी पर छूटा। अनूप पहलवान अंबेडकर नगर ने झारखंड के सोनू पहलवान को शिकस्त दी। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
बेटी ने भी दिखाया दमखम
एकलव्य स्टेडियम की बाल खिलाड़ी राधिका का मुकाबला किशोर अंशू गोसाईगंज से हुआ। बेटी का मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। इस मुकाबले में राधिका ने जीत दर्ज की। श्रवण क्षेत्र न्यास समिति के अध्यक्ष अनुपम पांडेय, गिरीश चतुर्वेदी, कमलेश श्रीवास्तव, सांची चतुर्वेदी ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।