नवरात्र पर्व के तीसरे दिन भक्तों ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप कूष्मांडा देवी की आराधना की। पिछले दिनों की तरह रविवार को भी उसी श्रद्धा व उल्लास के साथ मां के भक्तों ने घरों व मंदिरों में पूजन-अर्चन किया। मंदिरों में भोर से पहुंचने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ दोपहर करीब तक जारी रही।
वहीं शाम होने के बाद एक बार फिर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिर गुलजार हो गए। मंदिरों पर बज रहे देवी गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। इससे श्रद्धालुओं का उल्लास पूरे चरम पर दिखा। वासंतिक नवरात्र के तीसरे दिन भी मां दुर्गा के भक्तों का उल्लास चरम पर दिखा।
नित्य की भांति रविवार को भी लोगों के घरों में चहल-पहल रही। सुबह होते ही नौ दिन का व्रत रखने वाले व अन्य श्रद्धालु स्नान आदि करके पूजा-पाठ शुरू कर दिए। बड़ी संख्या में जहां लोग अपने घरों में कलश स्थापना वाले स्थल पर पूरे विधिविधान से पूजन-अर्चन किए, वहीं मंदिरों में जाकर मां के चौथे स्वरूप कूष्मांडा की आरती उतारी।
भक्तों में श्रद्धा है कि मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की आराधना करने से कभी धन्य धान्य की कमी नहीं होती। मां ने अपने भक्तों की पीड़ा देखकर शाकुंभरी का रूप धारण किया। शाक से उन्होंने धरती को पल्लवित किया और शताक्षी बनकर असुरों का संहार किया।
इसलिए भक्तों में मां के इस स्वरूप को लेकर अटूट विश्वास चला आ रहा है। जिला मुख्यालय के शहजादपुर शिवालय घाट स्थित दुर्गा व काली मंदिर में रविवार को पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विशेष देवी प्रार्थना में भाग लिया।
यहां सुबह व शाम दोनों समय देवी आरती हुई। कई श्रद्धालुओं ने परिसर में दुर्गा पाठ व जागरण आदि भी किया। नगर के गायत्री मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा देवी के स्वरूप की आराधना की।
इसके अलावा दोस्तपुर रोड स्थित काली मंदिर, नगर पालिका कार्यालय के निकट स्थित दुर्गा मंदिर, रेलवे स्टेशन के निकट स्थित तथा पहितीपुर रोड स्थित दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालु मंदिरों व घरों में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
नौ दिन का व्रत रखने वाले श्रद्धालु सुबह व शाम दोनों समय आरती के साथ दुर्गा पाठ कर रहे हैं जबकि अन्य श्रद्धालु भी प्रतिदिन पूजा में भाग ले रहे हैं। टांडा नगर व आसपास के क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों में शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा देखी जा रही है।
इनमें महिलाओं व युवतियों की संख्या अधिक होती है। भीटी, जलालपुर व आलापुर तहसील प्रतिनिधियों के अनुसार श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना से क्षेत्र के दुर्गा मंदिर इन दिनों गुलजार बने हुए हैं। श्रद्धालु सोमवार को मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंद माता की आराधना करेंगे।