अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन करते टीईटी उत्तीर्ण एकेडमिक मेरिट संघर्ष मोर्चा के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश टीईटी उत्तीर्ण शैक्षिक मेरिट संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने रविवार को जिला मुख्यालय पर धरना दिया और नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। सभी ने शासन व प्रशासन पर टीईटी के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
कहा कि यदि सरकार उनके हितों को लेकर गंभीर होती तो आज वे लोग बेरोजगारी की मार झेलने को विवश न होते। कहा कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से एकजुट होने का आहवान किया।
कहा कि सरकार के मनमाने रवैये से ही आज हजारों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। मांग व धरना प्रदर्शन करने के बाद भी सरकार उनके हितों को लेकर गंभीर नहीं है। इसके चलते ही उन लोगों को 72 हजार शिक्षकों की भर्ती में शिक्षक बनने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि अगले महीने की 9 मई को मामले की सुनवाई भी कोर्ट में होगी। ऐसे में सभी को एकजुट होकर आंदोलन के लिए हर पल तत्पर रहना होगा। इस मौके पर प्रभात मिश्र, हरिओम गुप्त, विनीत सिंह, मुन्नालाल, अवधेश वर्मा, सुनील आदि मौजूद रहे।