अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट पर आबकारी विभाग के उत्पीड़न से नाराज होकर प्रदर्शन करते अकबरपुर आदीपुर स्थित ईंट-भट्ठे के मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
सम्मनपुर थाना अंतर्गत आदीपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के मजदूरों ने सोमवार को आबकारी पुलिस पर विभिन्न प्रकार का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। मजदूरों ने कहा कि बीते दिनों ईंटे भट्ठे पर छापा मारकर आबकारी पुलिस ने न सिर्फ उनके साथ अभद्रता की, बल्कि उनके छप्परनुमा घर में रखा रुपया भी उठा ले गए।
बाद में मजदूरों ने जिलाधिकारी विवेक को ज्ञापन सौंपकर कर उन्होंने आबकारी पुलिस कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। सोमवार दोपहर से पहले ईंट भट्ठेे के निकट प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को संबोधित करते हुए मजदूर विनोद व बलदेव ने कहा कि बीते शनिवार को आबकारी पुलिसकर्मियों ने कच्ची शराब की तलाश में ईंट भट्ठे पर छापेमारी की थी।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सिर्फ पुरुष मजदूरों के साथ मारपीट की, बल्कि महिलाओं के साथ अभद्रता भी की। और तो और शाम को मिली मजदूरी भी पुलिसकर्मी उठा ले गए। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें फर्जी केस में फंसाने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
इस दौरान गीता, लक्ष्मी, मंगी, परदेशी, बिंदू, लहुरी, नौरंगी आदि मौजूद रहे। बाद में मजदूरों ने जिलाधिकारी विवेक से मुलाकात कर उनको ज्ञापन सौंपा। साथ ही पीड़ितों ने आबकारी पुलिस कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।