फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईस्कूल स्टेट मेरिट में गरिमा का तीसरा स्थान

Mon, 16 May 2016 12:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
हाई स्कूल में प्रदेश में तीसरा स्थान पाने वाली गरिमा का मुंह मीठा कराते परिवारीजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में जिले के एसएनएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुकुनुद्दीनपुर की छात्रा गरिमा चौधरी ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरे स्थान की धमाकेदार सफलता प्राप्त की है। गरिमा की इस सफलता ने जिले का मान भी प्रदेश में बढ़ाया है। गरिमा का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनने का है।
विज्ञापन


किसान पिता की बेटी की इस सफलता पर परिवार के अलावा आसपास के लोगों ने खुशी जताई है। रविवार दोपहर बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ तो अकबरपुर तहसील के मुबरखापुर गांव की रहने वाली गरिमा चौधरी ने इतिहास रच दिया।

वह क्षेत्र के सूर्यनरायण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुकुनुद्दीनपुर की छात्रा है। नतीजा घोषित होने पर पहले तो उसे मेरिट में आने की जानकारी नहीं हुई लेकिन बाद में विद्यालय प्रबंधन से जानकारी मिलने पर पूरा परिवार खुशी से उछल पड़ा।
विज्ञापन


97.83 प्रतिशत अंक पाने के साथ ही वह संयुक्त रूप से प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरे स्थान पर आई जबकि जिले में अव्वल स्थान पर रही। गरिमा बताती है कि उसकी परीक्षा बेहतर ढंग से हुई थी। उसे अच्छा अंक आने की उम्मीद थी।

उसके पिता शिवमूरत चौधरी पहले दोपहर करीब बरियावन बाजार में इंटरनेट पर रिजल्ट देखने गए थे। लौटकर प्रथम श्रेणी में पास होने की जानकारी दी तो भी उसने खुद बरियावन जाकर नतीजा देखा। जिला टॉप करने व प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने से खुश गरिमा ने कहा कि उसका सपना इंजीनियर बनने का है।

गरिमा ने अपनी सफलता का श्रेय किसान पिता शिवमूरत व गृहणी मां उर्मिला को दिया। तीन संतानों में वह सबसे छोटी है। बड़ी बहन प्रतिमा बीटीसी कर रही है जबकि भाई मुकेश इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएससी कर रहा है।

गरिमा ने बताया कि निश्चित पाठ्यक्रम व समय सीमा निर्धारण पर ध्यान देकर उसने यह सफलता पायी है। अन्य छात्र-छात्राओं को भी तनाव लेने के बजाय सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए। विषय की पूरी तैयारी रहे तो फिर अच्छे नतीजे आने ही हैं।

पिता ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी तीनों संतानों पर नाज है। बेटी गरिमा ने तो पूरे परिवार का नाम प्रदेश में रोशन कर दिया। उधर, गरिमा की सफलता के बाद परिवार में बधाई संदेशों का सिलसिला लगातार बना हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें