अंबेडकरनगर। बारिश न होने के चलते जिले में सूखे जैसे हालात उत्पन्न होने के बीच बारिश होने के लिए तहसील क्षेत्र अकबरपुर के करतोरा गांव में महिलाओं ने रात के अंधेरे में खेत में हल चलाया। इसके साथ ही बारिश होने से संबंधित गीत भी गाया।
बारिश न होने से एक तरफ जहां धान के खेतों में सिंचाई के अभाव में दरारें पड़ गई हैं तो वहीं जिले में सूखे जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। बारिश होने के लिए एक तरफ जहां मंदिरों में पूजा-अर्चना होने लगी है तो वहीं मस्जिदों में भी विशेष दुआ की जा रही है। इन सबके बीच अब महिलाओं ने बारिश होने के लिए अनूठा कदम उठाया है।
तहसील क्षेत्र अकबरपुर के करतोरा गांव में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं रात के अंधेरे में हल लेकर खेत में पहुंच गईं। बारिश होने से संबंधित गीत गाते हुए खेत में हल चलाना शुरू कर दिया। काफी देर तक हल चलाने के बाद महिलाओं ने खेत में ही डेरा डाल दिया। खेत में ही महिलाओं ने खाना खया, इसके बाद वापस घरों को लौटीं।
गांव के दिनेश कुमार,ओमप्रकाश, पवन कुमार, सुरेंद्र, गंगाराम व संतराम ने कहा कि मान्यता है कि महिलाओं द्वारा खेत में हल चलाने से भगवान खुश होकर बारिश करेंगे।