अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में बनगांव रोड वार्ड नंबर सात रसूलाबाद हौजपट्टी के नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि उनका मोहल्ला बनगांव रोड पर स्थित है। यहां न तो पेयजल आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था है और न ही जल निकासी की। घरों से निकलने वाले गंदे पानी के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि विद्युत केबल सड़क पर लटक रही है। कई बार शिकायत के बावजूद इसे दुरुस्त नहीं कराया गया। मोहल्ले में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
अकबरपुर नगर के वार्ड नंबर सात रसूलाबाद हौजपट्टी मोहल्ले के बनगांव रोड के नागरिकों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। युवा बसपा नेता विशाल यादव के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन कर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके मोहल्ले में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। सिद्दू यादव के घर से पुरसावां मोहल्ले तक जल निकासी के लिए कोई नाली नहीं बनी है। इससे घरों से गंदा पानी नहीं निकल पा रहा है। पेयजल आपूर्ति की भी ठीक व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं बनगांव मार्ग पर कई जगह विद्युत केबल हादसे को दावत दे रही है। लाइन सड़क पर इतने नीचे तक झुकी है कि कभी भी हादसा हो सकता है।
कई बार इसे लेकर शिकायत दर्ज करायी गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। बाद में बसपा नेता ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष व नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कहा कि नागरिकों की सुविधाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। जल निकासी की समस्या नागरिकों के लिए मुश्किल खड़ी कर रही है। इससे नागरिक खासे परेशान हैं। इस मौके पर सुशीला देवी, ऊषा, मालती देवी, प्रेमा देवी, रानी, निर्मला, आशा, सावित्री, अमिता, सोनू, राकेश, बंशीलाल आदि मौजूद रहे।