.शहर के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में नाले के दाहिनी ओर बना मृतका गासिया खातून का घर (सफेद पें
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के मोहल्ला मीरानपुर मुरादाबाद स्थित गासिया खातून के घर से उसके कपड़े गायब हैं। घटना के बाद पुलिस ने जब पूरे घर की छानबीन की तो यह खुलासा हुआ। महिला के मोबाइल फोन को भी फॉरमैट किया गया था और बेटे शफीक के मोबाइल से सिर्फ परिवार के लोगों के ही फोटो और वीडियो मिले हैं।
घर में रखी अलमारी के लॉकर से करीब पांच हजार रुपये मिले हैं, लेकिन जेवर थे या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इन सवालों का जवाब ढूंढने के लिए पुलिस नियाज को वापस बुलाने की तैयारी है। इसी बीच मीरानपुर से एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि इस युवक को मृतका गासिया खातून के परिवार से कुछ संपर्क है।
शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया की हत्या के खुलासे में लगी टीमें हर पहलू को खंगाल ही रही थीं। इसी बीच घर का एक कमरे में ताला लगा मिला था। पुलिस ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में कमरे का ताला तुड़वाया, जिसमें एक अलमारी रखी हुई थी। अलमारी को खोलकर देखा गया तो उसमें सिर्फ बच्चों के ही कपड़े थे। महिला के कपड़े घर से गायब थे। लॉकर में 100-200 रुपये के नोट रखे हुए थे जिन्हें सील कर कब्जे में ले लिया गया है।
हालांकि यहां एक भी कोई जेवर नहीं मिला। घर के अन्य हिस्सों की तलाश में भी महिला के कपड़े नहीं मिले। घर से मिले दो मोबाइल की भी पुलिस ने जांच-पड़ताल कराई है। इसमें महिला का मोबाइल पूरी तरह से फॉरमैट किया गया था, जबकि पुत्र शफीक के मोबाइल सेट में परिवार के सदस्यों के फोटो-वीडियो मिले हैं। जिस स्थान पर इस नाले में गासिया का शव मिला है, वहां पर कपड़े व अन्य कोई सामान बरामद नहीं हुआ है।
गासिया का शव मिलने के बाद आशंका है कि पहले बच्चों को बेहोश किया गया, फिर महिला के शव को ठिकाने लगाया गया। पूरा आरोप महिला पर आ जाए, इसके लिए घर को अंदर से लॉक कर दिया गया। साथ ही महिला के कपड़े भी गायब कर दिए गए। पुलिस ने शनिवार की रात एक संदिग्ध को कुछ साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कई अन्य बातें भी सामने आई हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। (संवाद)