निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान शनिवार को एक महिला की हालत गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया। परिवारीजन फिलहाल शव लेकर घर चले गए। उधर, दो दिन पहले एक और निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान महिला की मौत होने की खबर है। दोनों प्रकरण में फिलहाल प्रशासन से कोई शिकायत नहीं की गई है।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार भरौली बड़ागांव निवासी रामकुशल की 34 वर्षीय पत्नी उमा देवी को शनिवार को जलालपुर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका ऑपरेशन होना था। बताया जाता है कि ट्यूमर के ऑपरेशन के दौरान ही महिला की तबियत बिगड़ गई। इसके बाद आननफानन में संबंधित चिकित्सक ने महिला को किसी बड़े अस्पताल ले जाने को कहा।
परिवारीजन महिला को टांडा के निकट स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए निकले लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। कहीं किसी प्रकार की शिकायत करने की बजाए परिवारीजन फिलहाल शव लेकर घर चले गए हैं। माना जा रहा है कि रविवार या फिर सोमवार को प्रकरण की शिकायत की जा सकती है।
उधर, रामनगर विकास खंड क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में दो दिन पहले इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत होने की खबर है। बताया जाता है कि सरबरी नाम की महिला यहां भी ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थी लेकिन इलाज में बरती गई लापरवाही से उसकी मौत हो गई।
उधर, प्रभारी सीएमओ डॉ. जी चंद्रा ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं आई है। कुछ लोगों ने घटना के बारे में पूछा जरूर है लेकिन कोई पीड़ित सामने नहीं आया है। शिकायत मिली तो संज्ञान लिया जाएगा।