अंबेडकरनगर। लुंबिनी-दुद्धी हाईवे पर टांडा इलाके में मंगलवार की रात दुकान से घर की ओर जा रही महिला सीता जायसवाल (52) की हत्या कर दी गई। बुधवार भोर पांच बजे दुकान पर चाय पीने जा रहे कुछ ग्रामीणों ने सीता का शव देखकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मौके पर जाकर देखा तो महिला के पहने हुए जेवरात के अलावा करीब ढाई हजार रुपये गायब थे। पति व बेटों ने लूट के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाजल पट्टी निवासी हीरा मोदनवाल के मुताबिक उनकी चाय की दुकान हजलापुर बाजार में है। चाय की दुकान पर उनका बड़ा बेटा राजू, राजकुमार, राहुल व नीरज के अलावा पत्नी सीता देवी उनका हाथ बंटाते थे। मंगलवार रात उनके छोटे भाई जवाहिर के घर पर बर्थडे पार्टी थी। इसके चलते उनके बेटे जल्दी चले गए थे। पति-पत्नी दुकान पर थे। रात आठ बजे राजकुमार खाना लेकर आया था। टिफिन देने के बाद वह भी पार्टी में शामिल होने चला गया था। रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी सीता भी घर के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची थीं। सुबह शव मिलने की जानकारी हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। पति हीरा के अनुसार, सीता ने गले में मंगलसूत्र पहन रखा था। इसके अलावा पायल, झुमका भी पहना था। दुकान से करीब ढाई हजार रुपये नकद भी लेकर निकली थी, लेकिन शव के पास से जेवर व नकदी नहीं मिले हैं। उन्होंने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है। जानकारी मिलते ही एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ शुभम कुमार, इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक और एसओजी टीम के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ शुभम कुमार ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है।
घर से दुकान की दूरी 300 मीटर
हजलापुर बाजार से गांव की दूरी करबी 300 मीटर है। रास्ता सुनसान होने के चलते इस रास्ते पर शाम ढलने के बाद सन्नाटा पसर जाता है। सीता इसी रास्ते से आती-जाती थी। कभी- कभी वह दुकान पर भी रुक जाती थी। शाम को सीता जब दुकान से निकलीं तो हीरा उनके घर पहुंचने को लेकर आश्वस्त होकर सो गए थे। उधर, घर पर बच्चे मां के दुकान पर ही रुकने पर आश्वस्त थे।
बेटों ने कहा कि मां ही थी सहारा
मृतक के चार बेटों में बड़े बेटे राजू का ही विवाह हुआ था। उसकी पत्नी रानी इन दिनों अपने मायके में थी। बेटे राजकुमार, राहुल व नीरज मां की मौत का सदमा सह नहीं पा रहे हैं। वह चीख कर बस एक ही बात कर रहे थे कि मां तू कहां चली गई तेरे सिवा अब कोई सहारा नहीं है। उनका करुण क्रंदन सुन ग्रामीणों की आंख भर आई।
सभी बिंदुओं पर चल रही जांच
परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लूट सहित सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- हरेंद्र कुमार, एएसपी पश्चिमी
घटना के मुख्य बिंदु
महिला का शव घर से 100 मीटर दूर मिला
गले और सीने पर गंभीर जख्म
पहने हुए सभी जेवर गायब
परिजनों का आरोप-लूट के बाद हत्या
टांडा पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर
कई एंगल से जांच करने में जुटी पुलिस