अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झारखंड प्रांत के झारखंड जनपद के हैदरनगर थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव निवासी विनोद अपनी पत्नी रेनू (42) के साथ विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा में दर्शन के लिए गया हुआ था। बताया जाता है कि रविवार को चुंगीनाका दरगाह किछौछा के पास दोनों बस से उतरकर जैसे ही दरगाह की तरफ जाने लगे, तभी उधर से गुजर रही मैजिक ने रेनू को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। रेनू को सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ बसखारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बसखारी थाना क्षेत्र के किछौछा निवासी मोहम्मद रियाज (32) रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। मसड़ा बाजार के पास जीप ने उसे चपेट में ले लिया, जिससे वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। कटका थाना अंतर्गत खालिसपुर गांव निवासी जयराम (63) सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत शहजादपुर निवासी अन्नू (29) शनिवार देर शाम बाजार में ही सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई।
बसखारी थाना क्षेत्र के मसड़ा गांव निवासी रवींद्र (23) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय बाजार के निकट ही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। सम्मनपुर निवासी सिद्धार्थ (26) देर शाम बाइक से जलालपुर से घर जाते समय बाजार के पास पिकअप की चपेट में आकर घायल हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के ताजनपुर गांव निवासी सुधीर (35) देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।