मामला सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कजपुरा गांव के मजरा पाताल तारा का है। बताया जाता है कि शनिवार देर सायं गांव निवासी दयाराम व नेपाल के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों बच्चों के परिवार के लोग वहां एकत्र हो गए और उनमें भी कहासुनी शुरू हो गई।
बच्चे तो किनारे हो गए, लेकिन बड़ों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच नेपाल ने दयाराम की पत्नी चंद्रावती (45) के सिर पर लाठी से जोरदार वार किया। इससे चंद्रावती वहीं गिर गई। गांव के लोगों के जुटने पर नेपाल व उसके पक्ष अन्य लोग भाग गए।
दयाराम बेहोश चंद्रावती को आनन-फानन में निजी वाहन से जलालपुर स्थित निजी चिकित्सालय ले गया, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया।
इसी बीच सूचना मिलने पर एसओ शिवाजी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान पुलिस को वह लाठी मिल गई, जिससे वार करके चंद्रावती की हत्या की गई थी। पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि दयाराम की तहरीर पर नेपाल पुत्र सीताराम के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।