अंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मरैला निवासी शारदा (55) गुरुवार को घर के निकट सड़क पार कर रही थीं। इसी बीच उधर से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे बाइक चालक को लोगों ने पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के अवसानपुर गांव निवासी संदीप कुमार (36) को बाइक से बसखारी जाते समय बसखारी बाजार के निकट जीप ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पहितीपुर निवासी मोहनलाल (42) गुरुवार को बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। अरिया निवासी जगदीश (68) उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहे थे।
जहांगीरगंज निवासी अमित कुमार (41) बाइक से रामनगर जाते समय बाजार के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी शांति देवी (35) गुरुवार को घर के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।