महिला की मौत के बाद अकबरपुर-टांडा मार्ग पर स्थित निजी अस्पताल के बाहर जमा भीड़।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर टांडा मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों व अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बस्ती जिले के सहारनपुर गांव की बबिता गर्भवती थी। शुक्रवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर जीजा पूजन सैनी ने उन्हें शुक्रवार रात टांडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। वहां से परिजनों ने एक निजी एंबुलेंस बुक कराई। अकबरपुर-टांडा मार्ग के रास्ते लखनऊ जा रहे थे। अकबरपुर कोतवाली के कटरिया के निकट एंबुलेंस पहुंची थी, तभी चालक ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने का सलाह दी। इस पर परिजन राजी हो गए। देर रात बबिता को उसके जीजा ने अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों को आरोप है कि रात 12 बजे चिकित्सकों ने बबिता की तबीयत बिगड़ने पर ऑपरेशन करने को कहा। आपरेशन के दौरान बच्चा तो बच गया, लेकिन बबिता की तबीयत और खराब हो गई।
इसके बाद बबिता से किसी को मिलने नहीं दिया गया। प्लेटलेट्स की कमी बताकर चार यूनिट खून भी लिया गया। शनिवार दोपहर दो बजे परिजनों से डेढ़ लाख रुपये जमा करा लिया गया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर केबिन में जबरन घुसने का प्रयास किया, जिसे लेकर स्वास्थ्य कर्मियों से हाथापाई हुई। पुलिस के पहुंचने बाद जब परिजन अंदर गए तो बबिता की मौत की जानकारी हुई। सीओ सिटी देवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि जानकारी मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चिकित्सा विभाग को पत्राचार कर रिपोर्ट मांगी गई है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।