अकबरपुर-टांडा मार्ग के अरिया में मकान ध्वस्त करती जेसीबी मशीन
अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के अरिया बाजार में दबंगों ने बिना मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और सीमांकन कराए दो जेसीबी लगाकर एक मकान को ध्वस्त कर डाला। शिकायत पर नायब तहसीलदार ने घटनास्थल पर जाकर ध्वस्तीकरण रुकवाया, लेकिन तब तक आधे से ज्यादा मकान ढहाया जा चुका था।
लखनऊ के विपुल खंड गोमतीनगर निवासी अनिल कुमार सिंह ने अकबरपुर एसडीएम कोर्ट में जमीन के संबंध में वाद दाखिल किया था। इन्होंने न्यायालय को बताया था कि इन जमीनों पर वीरेंद्र प्रताप सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम अरिया बाजार और बाबूराम निवासी मुरादपुर ने कब्जा कर रखा है। इनका बैनामा पांच अक्तूबर 2023 को जयप्रकाश आदि से करवाया था और खतौनी में अनिल कुमार सिंह का नाम भी दर्ज हो गया है। अनिल कुमार सिंह की याचिका पर एसडीएम कार्ट में सुनवाई चली। कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनी और निर्णय दिया। मामले में तहसील प्रशासन की टीम कब्जा हटवाने की तैयार कर ही रही थी कि इसी बीच शनिवार को अनिल कुमार सिंह अपने दर्जनों साथियों के साथ दो जेसीबी मशीन लेकर अरिया गांव पहुंच गए और गाजा संख्या 376 पर बने बाबूराम वर्मा के दशकों पुराने मकान को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। बाबूराम वर्मा और उनकी पुत्री ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए ध्वस्तीकरण करने से रोका, लेकिन फिर भी वह लोग माने नहीं। करीब 70 फीट मकान का आधे से ज्यादा हिस्सा ढहा दिया। इस घटना की जानकारी होने पर कोतवाली श्रीनिवास पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पाकर नायब तहसीलदार देवेंद्र नाथ श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर आ गए। उन्होंने धवस्तीकरण रूकवाते हुए दोनों जेसीबी को सीज कर दिया गया है। अनिल कुमार सिंह को पुलिस के सुपुर्द किया।
जमीन का सीमांकन नहीं हुआ
सिविल के मामलों में बिना मजिस्ट्रेट के ध्वस्तीकरण नहीं कराया जा सकता है। गाटा संख्या 376 को कब्जा मुक्त कराने के लिए आदेश नहीं हुआ था। जमीन का सीमांकन भी नहीं हुआ था।
देवेंद्रनाथ श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अकबरपुर
अरिया बाजार में गलत गाटा संख्या में मकान तोड़ने का मामला सामने आया है। जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर
दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मिली दो जेसीबी सीज कर दी गई है।
अभिजीत आर शंकर, एसपी