रविवार को टांडा एनटीपीसी गेट पर श्रमिकों को संबोधित करते विधायक।
विद्युतनगर। ट्रेड यूनियन कोऑर्डिनेशन सेंटर से सम्बद्ध संविदा श्रमिक संघ एनटीपीसी टांडा की ओर से एनटीपीसी के गेट पर के श्रमिकों की समस्याओं को लेकर रानीगंज विधायक आरके वर्मा ने रविवार को श्रमिकों को संबोधित किया ।
उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की ओर से बड़े पैमाने पर जो पुराने श्रमिक हैं उन्हें हटा दिया गया है और उनकी जगह पर कम दाम पर नए श्रमिकों की भर्ती करने की प्रक्रिया की जा रही है। यह सरकार के नीति के खिलाफ है उन्होंने श्रमिकों से कहा कि वह एनटीपीसी में कितने वर्षों से सेवा दी है उसके साथ एक हलफनामा जरूर तैयार करके रखें।
जिन लोगों ने 10 वर्षों से 25 वर्षों तक सेवा की है और उन्हें बिना कोई कारण बताए काम से हटा दिया गया है तो यह श्रम नीति के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि जिस दर से महंगाई बढ़ी है उसके सापेक्ष श्रमिकों की मजदूरी काफी कम है। यहां पर काम करने वाले श्रमिक हो या मनरेगा में काम करने वाले श्रमिक हो इस महंगाई में उनकी जीविका कैसे चलती होगी सह बड़ा सवाल है।
बच्चों की पढ़ाई कैसे होती होगी, बुजुर्गों की दवाई कैसे होगी इसको लेकर सरकार ने आज तक इस तरफ ध्यान नहीं दिया है। सभी श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा।
विधायक ने कहा कि मैं भरोसा दिलाता हूं कि एनटीपीसी के श्रमिकों की समस्या को उत्तर प्रदेश की विधानसभा में उठाएंगे और उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। सभा के अंत में एनटीपीसी से प्रभावित श्रमिकों ने विधायक को एक ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। इस दौरान लेबर कमेटी इंचार्ज राजितराम वर्मा, आनंद श्रीवास्तव, मोतीलाल वर्मा ,अखंड प्रताप, दिनेश कुमार व अजीत वर्मा मौजूद रहे।