अंबेडकरनगर। जिला चिकित्सालय समेत विभिन्न अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण का लाभ उठाने वाले कर्मचारियों ने कहा कि यह टीकाकरण देश से कोरोना का खात्मा करेगा। सभी लोगों को आगे आकर टीकाकरण कराना है। सभी नागरिकों को टीकाकरण का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों व आम नागरिकों को मिलकर ही कोरोना को जड़ से समाप्त करना है। इस दिशा में लगातार प्रगति तय हो रही है। यह सुखद भविष्य का संकेत है।
टीका लगवाएं, दूसरों को करें प्रेरित
जिला अस्पताल परिसर स्थित बूथ पर कोरोना का टीका लगवाकर बाहर निकले डॉ. योगेश वर्मा ने कहा कि उन्हें बेहद सुखद अहसास हो रहा है। उन्हें इंतजार था कि शीघ्र ही उनका नंबर आए और वह भी देश को कोरोनामुक्त करने के लिए चल रहे महाअभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को अपना शत-प्रतिशत योगदान देना होगा। न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
सभी लोग दें सहयोग
जिला अस्पताल में तैनात डॉ. प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से न सिर्फ भारत, बल्कि समूूची दुनिया लड़ रही है। इस महामारी को जड़ से समाप्त करने के लिए शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन जरूरी है। यह तब संभव है, जब आम नागरिक भी इसमें अपना सहयोग दें। अभी तो सिर्फ कोरोना योद्धाओं को ही टीका लग रहा है, लेकिन शीघ्र ही आम नागरिकों को लगेगा। ऐसे में उन्हें चाहिए कि देश हित में बगैर किसी अफवाह में पड़े टीका लगवाएं।
अफवाह में न आएं
जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात कंचन पांडेय ने कहा कि कोई भी अभियान तभी सफल हो सकता है, जब आधी आबादी उसमें अपना पूरा सहयोग दे। कोरोना वैक्सीन को लेकर कुछ लोग गलत अफवाहें फैला रहे हैं। ऐसे लोगों के बहकावे में कतई न आएं। महिलाएं खुद ही आगे बढ़कर टीका लगवाएं, जिससे जल्द से जल्द देश कोरोनामुक्त हो सके।
टीकाकरण से मिली खुशी
जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स निर्मला यादव ने कहा कि एक दिन पहले जब मेरे मोबाइल पर संदेश आया कि सोमवार को चलने वाले अभियान में उनका नाम भी सूची में शामिल है। यह देख उन्हें अत्यंत खुशी हुई। इसे मैंने अपने परिवारीजनों के साथ भी साझा किया। सोमवार को मैं समय से अस्पताल पहुंच गई। टीका लगने के बाद उन्हें बहुत ही गर्व हुआ। इस बात का सबसे अधिक गर्व था कि मैं भी देश को कोरोना मुक्त करने में अपना सहयोग दिया।