अंबेडकरनगर। आंशिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान न सिर्फ मास्क की अनिवार्यता पर जोर रहा, बल्कि बगैर किसी ठोस कारण के बाहर निकलने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। मास्क न लगाने वाले कई लोगों से जुर्माना वसूला गया। इस दौरान चेतावनी भी दी गई कि यदि किसी ने आंशिक इस दौरान का उल्लंघन किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना को फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा घोषित आंशिक इस दौरान का सख्ती से पालन कराने को लेकर शनिवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। दिन में कुछ देर के लिए बारिश का दौर थमा, तो सड़क पर बड़ी संख्या में लोग उतर पड़े। इस पर अंकुश पाने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों व प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बैरियर लगाकर पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया।
सबसे अधिक फोकस मास्क लगाने की अनिवार्यता पर रहा। जिला मुख्यालय पर पुराने तहसील तिराहा, दोस्तपुर चौराहा, फव्वारा तिराहा, बस स्टेशन, पटेलनगर तिराहे के अलावा कई क्षेत्रों में बैरियर लगाकर पुलिस ने आवागमन पर अंकुश लगाया। इस दौरान एसडीएम सदर मोईनुल इस्लाम व सीओ सदर अशोक कुमार सिंह लगातार बैरियर पर पहुंचकर तैनात पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश देते रहे। बैरियर से उन्हीं को पार करने दिया जा रहा था, जिन्होंने न सिर्फ मास्क लगा रखा था, बल्कि घर से बाहर निकलने का ठोस कारण भी बता रहे थे।
इसके अलावा जलालपुर, बसखारी, टांडा, आलापुर, भीटी समेत जिले के अन्य प्रमुख बाजारों व मार्गोें पर पुलिस ने बैरियर लगाकर सघन जांच की। उधर, एएसपी संजय कुमार राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने भी आंशिक इस दौरान का उल्लंघन किया, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।