अंबेडकरनगर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कटेहरी बाजार में आयोजित चुनावी जनसभा में कहा कि बीजेपी से पूछना चाहिए कि किसानों की आय दोगुना करने का वादा कहां गया। किसान आज परेशान हैं। वह खाद के लिए लाइन में लगने को मजबूर हैं, फिर भी नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि जबसे हमने पीडीए का नारा दिया है, तब से सरकार को पीडीए में भी डीएपी दिखने लगी है। अभी तक तो ये लोग बोरी में ही चोरी करते थे, लेकिन अब पूरी बोरी ही उठा ले जा रहे हैं। जब खेत तैयार हैं, तब खाद नहीं। हमें जब भी मौका मिला, हम किसान हित में बड़ा फैसला लेंगे।
अखिलेश ने कहा कि यह उपचुनाव सामान्य नहीं है। यह 2027 के चुनाव का रास्ता तय करने जा रहा है। जो सरकार वन नेशन, वन इलेक्शन का दावा करती है, उसके राज में नौजवानों को चार दिन तक धरना देना पड़ा। नौजवानों ने संघर्ष किया तो सरकार को झुकना पड़ा।
कहा कि बीजेपी सिर्फ इसलिए घबराई है, क्योंकि जनता के लिए जो फैसला लेना था, वह नहीं लिया। डबल इंजन सरकार ने सिर्फ मुनाफाखोरी बढ़ाई। इससे महंगाई बढ़ी है। किसानों को महंगी बिजली मिल रही है। हमने बिजली घर, अस्पताल बनवाए, जिन्हें इस सरकार ने बर्बाद कर दिया है। यहां के मेडिकल कॉलेज की भी यही हालत है। अखिलेश जनसभा को संबोधित करने के लिए सड़क मार्ग से कटेहरी पहुंचे थे। सभा को जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, सांसद लालजी वर्मा, पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, रामअचल राजभर, पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव, पूर्व मंत्री अमृतराजपाल, वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ मिश्र, इंद्रपाल यादव, जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू आदि ने भी संबोधित किया।
-
कटेहरी को लेकर भाजपा में घबराहट
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री को कटेहरी में हार का डर सता रहा है। इससे वह हिले हुए हैं। लोगों से कहा कि यह चुनाव लखनऊ वाले इंजन और हमारे आपके बीच में है। उन्हें सारे माफिया सपा में दिख रहे हैं। सीएम अपने घर से निकलते हैं तो शायद आइना भी नहीं देखते। गोरखपुर के लोगों को पता है कि हमारे पास भी बड़े लोगों की फाइल आई थी। हमने साइन नहीं किया। हमें बदलने पर मजबूर मत करो। हमें शरीफ ही रहने दो। कहा कि बीजेपी ने पूरी व्यवस्था का नुकसान किया है। वह अब अधिकारियों को चुनाव में आगे कर रही है, लेकिन ज्यादातर अधिकारी भी भाजपा को हराना चाहते हैं। वह सिर्फ दिखावे की पकड़ा पकड़ी कर रहे हैं।
निशाने पर रहे जिलाधिकारी
अखिलेश ने कहा कि यहां के डीएम रिटायर होने जा रहे हैं। वह प्रशासनिक अधिकारी कम बीजेपी के जिलाध्यक्ष ज्यादा लग रहे हैं। उनकी इच्छा चुनाव लड़ने की है। उन्हें बीजेपी के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। वहां कई सीढि़यां व कई इंजन हैं। जो लोग गठबंधन को धोखा दे सकते हैं, उनसे क्या उम्मीद करना। उन्हें हम टिकट देने को तैयार हैं। जनता व संविधान की रक्षा का संकल्प लेने वाले अधिकारियों को अपने आखिरी कार्यकाल में लोकतंत्र को मजबूत बनाकर जाना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि जिन्होंने अन्याय किया है, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। युवाओं को पक्की नौकरी दिलाएंगे। अग्निवीर को हम स्वीकार नहीं करेंगे। हमने ही पुलिसकर्मियों के लिए बिना परीक्षा प्रमोशन लागू किया था।
नारों से ही एक दूसरे को डपट रहे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के एक डिप्टी अपने मोबाइल पर दिल्ली का गाना बजा रहे हैं। हालत यह है कि नारों में ही एक दूसरे को डपटा जा रहा है। भाजपा ने यूपी का उपचुनाव इसलिए आगे टलवाया, क्योंकि उसे सर्वे में पता चल गया था कि जो लोग त्योहार में घर आ रहे हैं वे छुट्टी बढ़ाकर बीजेपी के खिलाफ वोट देंगे। इसी सबके चलते पड़ोस के जिले में सीएम तीन बार और यहां पांच बार दौरा कर चुके हैं।
प्रशासन से डरना नहीं, हासिल होगा लक्ष्य
पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पुलिस प्रशासन से डरना नहीं। आप नहीं डरे थे तो लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत मिली। उस चुनाव में हमें मतदान नतीजा रोके जाने की जानकारी मिलने पर आगे आना पड़ा, तब परिणाम घोषित हुआ था। कई जगह अपने पक्ष में नतीजे नहीं आ पाए जो आने चाहिए थे। हमने ऐसी जगह के अधिकारियों के नाम लिख लिए हैं। अधिकारियों व सत्तारूढ़ दल से कहा कि आप सरकारी सीसीटीवी कैमरे से तो बच सकते हैं, लेकिन जनता की निगाह से नहीं। कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रशासन चाहे जितनी बार रोके, आपको वोट डालकर ही आना है।