विद्युतनगर । भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की समर्थ योजना के तहत मंगलवार को टांडा के मीरानपुरा मोहल्ले में 45 दिवसीय एडवांस्ड जैकार्ड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में 30 बुनकर और युवा प्रतिभागी शामिल हैं। बुनकर सेवा केंद्र वाराणसी इसका संचालन व जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र (डीआईसी) स्थानीय स्तर पर समन्वय कर रहा है।
डीएम ईशा प्रिया ने फीता काटकर उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम विशेषकर महिला बुनकरों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण स्थानीय हथकरघा उद्योग को नई दिशा देने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जैकार्ड तकनीक, डिजाइन विकास, करघा संचालन, पैटर्न निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक बुनाई तकनीकों का व्यावहारिक व सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक प्रतिभागी को 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रशिक्षण भत्ता दिया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को समर्थ योजना के तहत प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग अजय शर्मा, सहायक निदेशक गोपालजी, बुनकर सेवा केंद्र के तकनीकी अधीक्षक आसिफ अली, पावरलूम इंस्पेक्टर शरत चंद्र चौहान, जामदानी हैंडलूम सेंटर के प्रबंधक डॉ. कलीम अहमद, हमनवाज अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।