बारिश के दौरान जिला मुख्यालय अकबरपुर में बस स्टैंड के पास हुआ जलभराव।
अंबेडकरनगर। उमस और तेज धूप से जूझ रहे अंबेडकरनगर वासियों को बुधवार को मौसम में हुए अचानक परिवर्तन ने बड़ी राहत दी। सुबह जहां धूप आग बरसा रही थी, वहीं दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक हुए तेज बारिश ने जहां आम जनजीवन को राहत दी, वहीं खेतों को जीवनदान मिला। किसानों ने राहत की सांस ली और फसलों के लिए इसे संजीवनी बताया।
वहीं, दूसरी ओर शहर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की सच्चाई भी सामने आ गई। रोडवेज बस स्टैंड से लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय तक की सड़क के किनारे पानी में डूब गए। नाले-नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा।
शहजादपुर बाजार में करीब एक घंटे तक जलभराव के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अयोध्या मार्ग पर भी कई स्थानों पर सड़क तालाब में तब्दील हो गईं। नालों का पानी ऊपर तक आ जाने के बाद सड़क तक पानी भरने लगा। इस बीच स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे बच्चों के अलावा स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान अकबरपुर-इल्तिफातगंज मार्ग पर राधे-कृष्ण पेट्रोल पंप के पास शीशम का एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस कारण बड़ी गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। छोटे वाहन चालक किसी तरह पेड़ के किनारे से निकलते रहे, लेकिन जाम जैसी स्थिति बनी रही।
छज्जे के नीचे ली शरण
तेज बारिश के दौरान बाजारों और सड़कों पर लोग इधर-उधर भागते नजर आए। किसी ने छाता खोल लिया तो कोई दुकानों के टिनशेड या छज्जों के नीचे शरण लेता दिखा। कुछ बच्चों ने इस बारिश का भरपूर आनंद लिया। कृषि विज्ञान केंद्र पांती के अध्यक्ष डॉ. रामजीत के अनुसार, इस सप्ताह भारी बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। बारिश से गन्ना और धान समेत अन्य फसलों को राहत मिलेगी।