अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव से पहले अकबरपुर नगर समेत सभी निकाय क्षेत्र व आसपास के 10 किमी. की दूरी में रहने वाले लाइसेंसी असलहाधारकों को अगले तीन दिन के भीतर अपने असलहे जमा करा देने होंगे। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम सैमुअल पॉल एन ने यह निर्देश पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में दिए। शराब की अवैध भट्ठियों को नष्ट करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि स्क्रीनिंग कमेटी को सक्रिय किया जाए।
निकाय चुनाव में सभासद व अध्यक्ष पद का आरक्षण घोषित होते ही जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की बैठक हुई। इसमें सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह हुआ कि नौ दिसंबर तक सभी नगरीय क्षेत्रों तथा 10 किमी. की परिधि में रहने वाले सभी लाइसेंसीधारकों को अपना असलहा जमा करा देना है। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि ऐसा न होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
चुनाव आयोग के विशेष कार्याधिकारी के निर्देशों का जिक्र करते हुए डीएम ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री रोकने के साथ ही उसे बनाने की भट्ठियों को ध्वस्त किया जाए। असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी लाई जाए। बैठक में एएसपी संजय राय, अपर एसडीएम मोहनलाल गुप्त, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी के अलावा सभी एसडीएम, सीओ एवं कई विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।