अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के पहितीपुर मार्ग पर लगभग 73 लाख रुपये की लागत से नई पुलिया का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। निर्माण के दौरान आवागमन प्रभावित न हो इसके लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही करीब ढाई करोड़ की लागत से जिले के अन्य क्षेत्रों में भी दो छोटे पुल व एक पुलिया का निर्माण कार्य भी होगा। इनके निर्माण से लगभग एक लाख की आबादी को आवागमन में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
नागरिकों को सुचारु आवागमन को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा लगातार सड़कों के निर्माण व मरम्मत के साथ ही पुल व पुलियों का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत ही अकबरपुर नगर के अकबरपुर पहितीपुर मार्ग पर जर्जर हो चुकी संकरी पुलिया को नए सिरे से बनाने की मंजूरी मिली है।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सौरभ सिंह ने बताया कि 73 लाख रुपये की लागत से होने वाली इस पुलिया के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति के साथ ही खर्च राशि भी उपलब्ध हो गई है। चार मीटर चौड़ी पुलिया को अब साढ़े आठ मीटर चौड़ा किया जाएगा।
निरीक्षण कर तय हुआ रूट डायवर्जन
पुलिया के निर्माण के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को तहसीलदार जेपी यादव व पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सिद्धार्थ सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण भी किया। डायवर्जन के तहत यातायात के सुगम संचालन के लिए सुल्तानपुर की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों को दोस्तपुर रोड से अकबरपुर में प्रवेश दिया जाएगा जबकि अकबरपुर से जाने वाले बड़े वाहनों को भी इसी मार्ग से जाने दिया जाएगा जबकि छोटे वाहनों को तमसा मार्ग से आवागमन करना होगा।
तीन अन्य पुलियों का भी होगा निर्माण
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अनुसार बथुआ चंदौखा से रामपुर गिरंट मार्ग पर 69 लाख की लागत से साढ़े आठ मीटर चौड़े छोटे पुल का निर्माण होगा। इसी प्रकार घारूपुर से नाथपुर मार्ग के बीच स्थित ढाई मीटर चौड़ी पुलिया को तोड़कर उसके स्थान पर 1.16 करोड़ की लागत से साढ़े आठ मीटर चौड़े छोटे पुल का निर्माण होगा। एनवां भड़सारी मार्ग होते हुए केदारनगर सद्दरपुर मार्ग पर भी क्षतिग्रस्त पुलिया को 39 लाख की लागत से छह मीटर चौड़ी पुलिया के बतौर नए सिरे से निर्मित कराया जाएगा।