टांडा में इस तरह शुरु हो गया है कटान का दौर।
- फोटो : अमर उजाला
खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू नदी के पानी से कटान का दौर भी शुुरू हो गया है। ढेलमऊ गांव के निकट कटान करते हुए नदी का पानी आगे बढ़ रहा है तो वहीं सलारपुर गांव में कच्ची सड़क भी कटान की जद में आ गई है। नदी के पानी में घटाव के चलते कटान का खतरा अक्सर उत्पन्न हो जाता है।
इस बार भी यही स्थिति है। नदी का पानी अभी भी खतरे के निशान से 8 सेमी ऊपर है। सरयू नदी का जलस्तर खतरे के लाल निशान से 33 सेमी ऊपर पहुंच जाने के बाद से उसमें घटने बढ़ने का दौर लगातार बना हुआ है।
हालांकि नदी का पानी जब अपने सबसे ज्यादा उच्चतम स्तर पर था तब भी इस बार पानी ने आबादी तक प्रवेश नहीं किया था। अब जब पानी तेजी से घट रहा है तो कटान का खतरा बढ़ गया है। सलारपुर गांव के बनतरिया में कच्ची सड़क नदी की कटान के चलते प्रभावित हो रहा है तो वहीं खाजेपुर ढेलमऊ में नदी का पानी कटान के साथ आबादी की तरफ अग्रसर है।
सलारपुर के ग्राम प्रधान एखलाकुर्रहमान बेग ने बताया कि खाजेपुर ढेलमऊ में रामदेव, बेनीराम, श्रीराम व सीताराम के कच्चे मकान कटान से आने वाले दिनों में प्रभावित हो सकते हैं।