अंबेडकरनगर। जलभराव से सड़कों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में पांच करोड़ की लागत से इंतजाम किए जाएंगे। ऐसे स्थान जहां बारिश का पानी रुक जाता है, वहां निर्माण कार्य होगा। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय व निर्माण खण्ड ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगा है। विभाग के अनुसार कुछ विधायकों ने प्रस्ताव दे दिया है। शीघ्र ही प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजा जाएगा। उम्मीद है कि शासन से हरी झंडी मिलने के बाद सितंबर से निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए शासन द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके बावजूद ज िले की तमाम सड़कें ऐसी हैं जो गड्ढामुक्त नहीं हो पा रही हैं। दरअसल जिले के कई स्थानों पर समुचित जलनिकासी न होने से सड़क पर ही पानी एकत्र रहता है। इससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए बीते दिनों शासन ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड व निर्माण को निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों पर पुलिया का निर्माण कराया जाए, जहां जलभराव होता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगा जाए। शीघ्र ही प्रस्तावों को संस्तुति के लिए शासन को भेजा जाए।
प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता हरेकृष्ण ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक एक करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जाएगा। कुछ विधायकों ने प्रस्ताव की सूची उपलब्ध करा दी है। शीघ्र ही सभी विधायक प्रस्ताव की सूची उपलब्ध करा देंगे। इसके बाद संस्तुति के लिए शासन को सूची भेज दी जाएगी। इसके बाद हरी झंडी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
शासन के निर्देश पर सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक करोड़ की लागत से ऐसे स्थानों पर पुलिया का निर्माण कराया जाएगा, जहां सड़क पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।
शंकर्षणलाल, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी