अंबेडकरनगर। टीकाकरण के पांचवें दौर में टीका लगवाने की खुशी साफ तौर पर कोरोना योद्धाओं में दिखाई पड़ी। इसमें सरकारी अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों के कर्मचारी व चिकित्सक भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान का यह दौर कोरोना से जंग में काफी मददगार साबित होगा। सभी को मिलकर कोरोना से जंग जीतना है। इसे लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह में आने की जरूरत नहीं है। टीकाकरण कराने के साथ ही समाज में सकारात्मक माहौल बनाने में सभी को जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। पर्याप्त एहतियात अभी भी बरतनी होगी।
कोरोना को हराने में निभाएं जिम्मेदारी
मेहंदी हॉस्पिटल एवं प्रसूति गृह के मैनेजिंग डायरेक्टर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सै. हैदर मेहंदी ने कहा कि पहले ही चरण से मैं इंतजार कर रहा था कि मेरा नाम भी सूची में शामिल हो और मैं भी कोरोना से जंग जीतने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकूं। बीते दिन जब मोबाइल पर संदेश आया तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गुरुवार को जब वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ हुआ, तो संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर पहुंचकर टीका लगवाया। टीका लगने के बाद जो अनुभूति हुई, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। सभी लोगों को चाहिए कि देश को कोरोनामुक्त करने के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
भ्रमित न हों महिलाएं
संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में टीका लगवाने के बाद बाहर निकलीं वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. टी. फातिमा ने कहा कि टीका लगवाने के लिए वे काफी उत्सुक थीं। बुधवार को उन्हें जानकारी मिली कि गुरुवार को चलने वाले वैक्सीनेशन में उनका नाम भी शामिल है। इसके बाद उन्हें इंतजार था कि जल्द सुबह हो और वह भी टीका लगवाकर कोरोना से जंग जीतने के लिए अपना योगदान दे सकें। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वैक्सीन लगवाने को लेकर किसी भी प्रकार से भ्रमित न हों और बढ़-चढ़कर टीका लगवाएं।
टीका लगने से महसूस हुआ गर्व
फार्मासिस्ट राजू कुमार ने संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में टीका लगवाने के बाद कहा कि बुधवार को टीकाकरण में शामिल होने की जानकारी मिली। इस पल का उन्हें पहले ही चरण से इंतजार था। गुरुवार को जब टीका लगा तो बहुत ही गर्व महसूस हुआ। आम नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना से जंग जीतने के लिए सभी को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी होगी।
मिलकर सफल बनाएं अभियान
स्वास्थ्य कर्मी अनिल कुमार ने जिला अस्पताल में टीका लगवाकर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि महाअभियान का हिस्सा बनकर उन्हें बहुत ही खुशी हो रही है। इस पल का बहुत पहले से इंतजार था। आखिर वह पल आ ही गया, जब उनका टीका लगवाने का सपना पूरा हुआ। जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह में न आएं। महाअभियान को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर टीका लगवाएं।