अकबरपुर रेलवे स्टेशन में मौजूद यात्री।
अंबेडकरनगर। दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर घर लौटने का सपना अब टिकट की लंबी वेटिंग में उलझ गया है। अकबरपुर जंक्शन से चलने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन चुकी है। मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता और बिहार जाने वाली ट्रेनों में 150 से अधिक वेटिंग चल रही है। 22 अक्तूबर तक आरक्षण की कोई संभावना नहीं दिख रही है।
दिवाली व छठ पर्व पर घर जाने के लिए लोग लिए ट्रेनों में जगह तलाश रहे हैं। त्योहार से एक हफ्ते पहले ही अधिकतर ट्रेनों की सीटें भर चुकी है। 20 अक्तूबर को दिवाली है और इसके बाद छठ पर्व की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई जा रही है। इंदौर का टिकट लेने पहुंचे टांडा के अभिषेक ने बताया कि 18 अक्तूबर का टिकट नहीं मिला। अकबरपुर के उत्कर्ष ने बताया कि जम्मू का टिकट 25 अक्तूबर तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है, अब तत्काल में लेना पड़ेगा। मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक पलटूराम ने बताया कि त्योहारी सीजन की वजह से ज्यादातर गाड़ियों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है। तत्काल ही विकल्प बचा है, लेकिन उसमें भी एक दिन में ज्यादातर चार या पांच टिकट बन पाते हैं।
न टिकट मिल रहा, न स्पेशल ट्रेन
त्योहार से अभी एक हफ्ता बाकी है, लेकिन ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। यात्रियों को न तो कन्फर्म टिकट मिल पा रही है, और न ही रेलवे की ओर से अब तक कोई स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। टांडा निवासी अभिषेक ने बताया कि मैंने 18 अक्तूबर की इंदौर की टिकट बुक करनी चाही, लेकिन कोई सीट नहीं मिली। वहीं अकबरपुर के उत्कर्ष ने कहा कि 25 अक्तूबर तक जम्मू के लिए कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है, अब केवल तत्काल का ही सहारा है।