भीटी। चुनाव चिह्न के आवंटन के साथ ही जिले में पंचायत चुनाव का प्रचार पूरे शबाब पर पहुंच गया है। विभिन्न पदों पर किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने को मतदाताओं से बढ़ चढ़कर वायदे कर रहे हैं। जागरूक मतदाता भी तो मतदाता गांव की सरकार की बागडोर किसके हाथ में सौंपनी है, इसके लिए प्रत्याशियों को विभिन्न प्रकार से तौल रहे हैं। कोई युवा व शिक्षित होने पर जोर दे रहा, तो कोई अनुभव को वरीयता पर रख रहा है। फिलहाल सभी इस बात पर एकमत दिख रहे हैं कि इस बार जो प्रत्याशी चुनावी वायदे पूरे करने की काबिलियत रखता होगा उसके पक्ष में ही मतदान करेंगे।
गुरुवार को अमर उजाला टीम भीटी विकास खण्ड के खजुरी बाजार पहुंची, तो अवनीश ट्रेडर्स की दुकान पर कुछ लोग चुनावी चर्चा करते दिखे। टीम वहीं रुक गई। शिवशंकर दुबे व डा. मनोज गुप्ता ने कहा कि गांव की सरकार की बागडोर युवा व शिक्षित के हाथों में होना चाहिए। ऐसा होने से न सिर्फ गांव का विकास तेजी से होगा, बल्कि युवा होने के चलते वह अधिक ऊर्जा से कार्य करेगा।
ग्राम पंचायत दामोदरपुर
दूर होंगी समस्याएं
संजय सिंह ने कहा कि मेरा सपना है कि गांव में एक स्वच्छ व स्वस्थ माहौल तैयार करें। चारों तरफ खुशहाली हो। ऐसा तभी हो सकता है, जब गांव की सभी मूलभूत समस्याएं दूर हों। यदि मुझे जीत हासिल होती है, तो प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं को दूर किया जाएगा।
बिना किसी भेदभाव के कामकाज
मेहताब आलम ने कहा कि गांव का चौैतरफा विकास हो, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। बगैर किसी भेदभाव व निष्पक्ष ढंग से गांव का विकास कराने के साथ ही पात्रों को योजनाओं का समुचित लाभ भी दिलाएंगे। विकास के दौरान इस बात पर तनिक भी ध्यान नहीं देंगे कि किसने हमें वोट दिया है और किसने नहीं।
ग्राम पंचायत पिगिरियावां
महिलाओं को बनाएंगे सशक्त
मालती मौर्य ने कहा कि मेरा मानना है कि यदि महिलाएं सशक्त होंगी, तो गांव का विकास भी तेजी से होगा। गांव का विकास होगा, तो देश का विकास होगा। कारण यह कि भारत में ज्यादातर आबादी ग्रामीण क्षेत्र में है। ऐसे में यदि मुझे जीत हासिल होती है, तो महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर सशक्त बनाएंगे।
महिलाओं को किया जाएगा जागरूक
उमा सिंह ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। यदि महिलाएं अपने अधिकार के प्रति जागरूक होंगी, तो गांव का विकास भी तेजी से होगा। इसके लिए अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकार के बारे में जानकारी दी जाएगी।
ग्राम पंचायत खजुरी
बेहतर होगी साफ सफाई व्यवस्था
सरोज दुबे ने कहा कि गांव में जलनिकासी की बड़ी समस्या है। इसे दूर करने के लिए न सिर्फ क्षतिग्रस्त नालियों को दुरुस्त कराएंगे, बल्कि बड़े पैमाने पर नई नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही साफ सफाई व्यवस्था भी बेहतर की जाएगी।
दूर होगी पेयजल समस्या
ऊषा देवी ने कहा कि गांव में पेयजल समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यदि जीत हासिल होती है, तो इसे प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा। न सिर्फ खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कराएंगे, बल्कि नए हैंडपंप की भी स्थापना की जाएगी।
ग्राम पंचायत थरियाकला
बेहतर होगी प्रकाश व्यवस्था
अर्चना सिंह ने कहा कि गांव में बेहतर प्रकाश व्यवस्था हो सके, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने के साथ ही नई स्ट्रीट लाइट लगवाएंगे। साथ ही बेहतर प्रकाश के लिए सोलर लाइट भी लगवाई जाएगी।
दुरुस्त होगी आवागमन व्यवस्था
विजय कुमारी ने कहा कि गांव में आवागमन व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। संपर्क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, तो गांव की गलियां भी गड्ढों में तब्दल हो चुकी हैं। यदि जीत हासिल होती है, तो संपर्क मार्ग के निर्माण के साथ ही गांव की गलियों को भी सीसी किया जाएगा।